हिमाचल के जिला सिरमौर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214 ग्राम चरस बरामद की है। वहीं पांवटा साहिब में एक सड़क हादसे में ट्राला चालक की लापरवाही से स्कूटी सवार घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला पांवटा साहिब का है, जहां जिला सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चरस के साथ पकड़ा। पुलिस टीम रामपुरघाट शराब ठेके के पास मौजूद थी, तभी सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति भारी मात्रा में चरस लेकर गोन्दपुर से रामपुरघाट की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और बताए गए नंबर की मोटरसाइकिल UP31CC2151 को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम उबेद निवासी लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश और पीछे बैठे युवक ने अपना नाम असलम बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल में छिपाए गए लिफाफे से 214 ग्राम चरस बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
वहीं दूसरा मामला भी पांवटा साहिब से सामने आया है। गांव बाग हावड़ा निवासी राहुल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने पेट्रोल पंप से घर लौट रहा था। जब वह साहिबजादा अजीत सिंह चौक के पास पहुंचा तो एक ट्राला, जो रैनबैक्सी चौक की तरफ से आ रहा था, ने आगे चल रही स्कूटी को ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घायल स्कूटी चालक की पहचान योगराज वालिया के रूप में हुई है, जो राहुल शर्मा के पेट्रोल पंप पर कैशियर के तौर पर कार्यरत हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में ट्राले का नंबर HR38AJ-8419 सामने आया है। पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
