नारायणगढ़ के बानोदी स्थित नारायणगढ़ शुगर मिल्स लिमिटेड के बाहर गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग को लेकर तीन किसान यूनियनों ने धरना शुरू कर दिया है। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के नेतृत्व में शुरू हुए इस धरने में किसानों ने सरकार से गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित करने की मांग उठाई। चढूनी ने किसानों से अपील की कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, तब तक गन्ने की छिलाई बंद रखें।
गन्ने की लागत 455 रुपये, फिर 430 रुपये भाव किस आधार पर: चढूनी
धरने को संबोधित करते हुए गुरनाम सिंह चढूनी ने सरकार द्वारा गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सरकार ने यह दर किस आधार पर निर्धारित की है। चढूनी का दावा है कि इस बार गन्ने की उत्पादन लागत करीब 455 रुपये प्रति क्विंटल आई है, ऐसे में किसानों को 430 रुपये प्रति क्विंटल का भाव देना समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गठित कमेटी गन्ने का भाव तय करती है, लेकिन कमेटी की ओर से निर्धारित लागत और मूल्य से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती। चढूनी ने दावा किया कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार सरकार ने गन्ने की लागत 415 रुपये प्रति क्विंटल मानी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उत्पादन लागत इससे अधिक है तो किसानों को उचित मूल्य कैसे मिलेगा।
600 रुपये भाव नहीं मिला तो मिलों पर भी पड़ेगा असर
गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो इसका असर चीनी मिलों पर भी पड़ सकता है। उनके अनुसार, यदि मिलों के पास तीन महीने का स्टॉक रह जाता है तो मिलों के संचालन पर संकट खड़ा हो सकता है और इसका नुकसान कर्मचारियों को भी उठाना पड़ेगा।
उन्होंने चीनी मिलों की ओर से महंगाई और घाटे का हवाला दिए जाने पर भी सवाल उठाए। चढूनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथित वादे का जिक्र किया, जिसमें गन्ने के मूल्य पर किसानों को लागत से 50 प्रतिशत अधिक लाभ देने की बात कही गई थी। उन्होंने पूछा कि किसानों को उस वादे का लाभ क्यों नहीं मिल रहा।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
चढूनी ने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। यदि सरकार जल्द गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग स्वीकार नहीं करती तो धरना जारी रहेगा। उन्होंने किसानों से आंदोलन में साथ देने और मांगें पूरी होने तक गन्ने की छिलाई बंद रखने की अपील की।
