Saturday, June 6, 2026

UJJWAL DISHA: पलवल की होडल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, अवैध दुनाली देसी कट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार

पलवल जिले की होडल क्राइम ब्रांच टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध दुनाली देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को नेशनल हाईवे स्थित उझीना ड्रेन के पास से काबू किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

क्राइम ब्रांच प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल धर्मदेव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और अपराध जांच में जुटे हुए थे। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि तौकीर निवासी अमीनाबाद पुस्ता, थाना बिछोर उझीना ड्रेन नहर के समीप अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान तौकीर के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध दुनाली देसी कट्टा बरामद किया। जांच में हथियार में दो नाल, दो ट्रिगर और दो हैमर पाए गए। जब आरोपी से हथियार का लाइसेंस या कोई वैध दस्तावेज मांगा गया तो वह कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना होडल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगाया जाएगा कि उसने हथियार कहां से प्राप्त किया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। मामले की गहन जांच जारी है।