अंबाला में एक बार फिर ई-मेल के जरिए रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, गुप्तचर विभाग, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) सक्रिय हो गए तथा रेलवे स्टेशन पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी जिला उपायुक्त कार्यालय और कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं।
जानकारी के अनुसार धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर GRP और RPF ने संयुक्त रूप से अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग क्षेत्र और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन तलाशी ली गई। इसके साथ ही स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों और यात्रियों के सामान की भी जांच की गई।
GRP निरीक्षक हरीश कुमार ने बताया कि धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे की जांच की गई। रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और ट्रेनों में सफर कर रहे लोगों के सामान की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
उन्होंने बताया कि फिलहाल जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी अभियान लगातार जारी है। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि यदि उन्हें कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत GRP या RPF को दें। साथ ही यात्रियों को अपने सामान पर भी विशेष नजर रखने की सलाह दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ई-मेल किसने और कहां से भेजा। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच में जुटी हुई हैं।
