अंबाला, 2 जून। सूरजमुखी की फसल की खरीद शुरू न होने से नाराज किसानों ने सोमवार को अंबाला के मोहड़ा स्थित अनाज मंडी के सामने नेशनल हाईवे-1 (जीटी रोड) पर जाम लगा दिया। किसानों का आरोप है कि सरकार द्वारा अखबारों के माध्यम से 25 मई से सूरजमुखी की खरीद शुरू करने की घोषणा की गई थी, लेकिन बारदाने की कमी के कारण अब तक एक भी बोरी की भराई नहीं हो सकी है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि फसल मंडियों में पहुंच चुकी है, लेकिन खरीद प्रक्रिया शुरू न होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार, बारदाने की व्यवस्था न होने के कारण खरीद एजेंसियां फसल उठान और भराई का कार्य शुरू नहीं कर पा रही हैं।
किसान नेता ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही वीडियो संदेश जारी कर प्रशासन और सीआईडी को चेतावनी दी थी कि यदि सोमवार सुबह 10 बजे तक सूरजमुखी की भराई शुरू नहीं हुई तो किसान जीटी रोड जाम करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से एक घंटे का समय मांगा गया है और आश्वासन दिया गया है कि इस दौरान बारदाना पहुंच जाएगा।
किसान नेता ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के भीतर बारदाना नहीं पहुंचता और खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तो हाईवे पर लगाया गया जाम जारी रहेगा। वहीं, जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और प्रशासन द्वारा बारदाना उपलब्ध कराने की प्रतीक्षा कर रहे थे।
