Saturday, June 6, 2026

UJJWAL DISHA: पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या, आरोपी पति फरार

नांगल चौधरी, 2 जून। हरियाणा के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव ढाणी ठाकरान में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और बेटी की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सोमवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर नांगल चौधरी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने रात करीब दो बजे दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।

मामले की जानकारी देते हुए जिला पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भारत भूषण ने बताया कि देर रात पुलिस को घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डीएसपी ने कहा कि हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।