Saturday, June 6, 2026

UJJWAL DISHA: महंगाई के खिलाफ इनेलो का प्रदर्शन, बढ़ी कीमतें वापस लेने की मांग

देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया। हिसार और हांसी में आयोजित प्रदर्शन में पूर्व वित्त मंत्री संपत सिंह, उमेद लोहान, गौरव संपत, बलराज सभरवाल, राजीव राजा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम हांसी के जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, बिजली, यूरिया, डीएपी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उमेद लोहान ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन आज आम आदमी अपने परिवार का खर्च चलाने के लिए संघर्ष कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ी है, जिसका असर खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है। वहीं रसोई गैस और बिजली के बढ़े हुए दामों ने घरेलू बजट को प्रभावित किया है। लोहान ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर मजदूरों, कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ा है।

किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यूरिया और डीएपी जैसी खादों के दाम बढ़ने से खेती की लागत में भारी इजाफा हुआ है। मौसम की मार और फसलों के उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान पहले ही परेशान हैं, ऐसे में महंगे डीजल, बिजली और खाद ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

उमेद लोहान ने कहा कि इनेलो किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के हितों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में राहत नहीं दी, तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

मोटरसाइकिल का ‘अलविदा संदेश’ बना आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शन के दौरान एक मोटरसाइकिल पर लगाया गया ‘अलविदा संदेश’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बैनर में बढ़ती पेट्रोल कीमतों के कारण एक आम परिवार की मोटरसाइकिल को ‘विदाई’ लेते हुए दर्शाया गया था। संदेश में महंगाई की मार झेल रहे परिवारों की परेशानियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया।

इसके अलावा प्रदर्शन स्थल पर एक जेसीबी मशीन पर मोटरसाइकिल और गैस सिलेंडर को ‘दम तोड़ते’ हुए दिखाकर महंगाई के मुद्दे को अनोखे ढंग से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे आम जनता पर बढ़ती आर्थिक बोझ का प्रतीक बताया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तत्काल नियंत्रण और आम जनता को राहत देने की मांग की।