कुरुक्षेत्र, 5 जून। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशांत कटारिया ने बुधवार को कुरुक्षेत्र में प्रेस वार्ता कर 6 जून को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए CBSE और NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामलों को लेकर सरकार को घेरा।
निशांत कटारिया ने कहा कि CBSE और NEET परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के साथ अन्याय हुआ है, जिसके विरोध में युवा कांग्रेस अब सड़क पर उतरकर आवाज बुलंद करेगी।
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि 6 जून को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु चिब और दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल होंगे।
कटारिया ने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और छात्र इस आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक युवा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
