अंबाला। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साहा थाना पुलिस ने एक युवक को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन कुमार निवासी गांव अकबरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साहा थाना पुलिस की टीम अंबाला-शामली हाईवे स्थित ओवरब्रिज के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि एक युवक मीठापुर से अकबरपुर की ओर पैदल जा रहा है और उसके पास स्मैक है, जिसे वह बेचने की फिराक में है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत मीठापुर-अकबरपुर मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक युवक को रोका गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
तलाशी की कार्रवाई को नियमानुसार संपन्न कराने के लिए मौके पर आबकारी विभाग के एईटीओ एवं राजपत्रित अधिकारी लोकेश कुमार को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से एक पारदर्शी पन्नी बरामद हुई, जिसमें जांच के दौरान 7 ग्राम 65 मिलीग्राम स्मैक पाई गई।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी स्मैक कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
