Saturday, June 13, 2026

UJJWAL DISHA@यमुनानगर में दिनदहाड़े खैर तस्करी का खुलासा, 20 क्विंटल लकड़ी से भरी पिकअप जब्त

यमुनानगर। वन विभाग की सख्ती के बावजूद खैर तस्कर अपने मंसूबों से बाज नहीं आ रहे हैं। अब तस्करों ने रात के अंधेरे की बजाय दिनदहाड़े ही खैर की लकड़ी की तस्करी शुरू कर दी है। प्रतापनगर क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से लदी एक पिकअप को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान प्रतापनगर के पास एक संदिग्ध पिकअप को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन में करीब 20 क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग की टीम को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। अधिकारियों ने तुरंत पिकअप और लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाल के महीनों में खैर तस्करी पर लगाम लगाने के लिए रात्रि गश्त और नाकाबंदी को और अधिक मजबूत किया गया है। विभाग की बढ़ती सख्ती के चलते तस्करों ने अब दिन के समय तस्करी का नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है।

खैर की लकड़ी की बाजार में ऊंची कीमत होने के कारण वन संपदा को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। विभाग अब पिकअप के मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटा हुआ है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ी किस क्षेत्र से काटी गई और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कटान व तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खैर तस्करों में हड़कंप का माहौल है।