Saturday, June 13, 2026

UJJWAL DISHA@ यमुनानगर में शैलजा का भाजपा पर हमला, बोलीं- 12 साल नहीं, जनता को क्या मिला यह बड़ा सवाल

यमुनानगर। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने यमुनानगर दौरे के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल वर्षों और रिकॉर्ड की चर्चा करने से देश आगे नहीं बढ़ता, बल्कि यह देखना जरूरी है कि इन वर्षों में आम जनता को क्या मिला और देश कितना मजबूत हुआ।

मीडिया से बातचीत में शैलजा ने कहा कि देश की आजादी के बाद पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि आईआईटी, आईआईएम जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था का निर्माण नेहरू की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नेहरू की उपलब्धियों को कमतर दिखाने की राजनीति को अपना लिया है, जबकि देश को इतिहास से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

कुमारी शैलजा ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताएं और रोजगार की कमी युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने वादों को पूरा करने में असफल रही है।

किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आज भी अधूरा है और किसान आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है तो यह आर्थिक मजबूती नहीं बल्कि चुनौतियों का संकेत है।

शैलजा ने बढ़ती महंगाई, एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।

विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत को अपने नागरिकों और राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में केंद्र सरकार स्वतंत्र निर्णय लेने के बजाय बाहरी दबावों में काम करती दिखाई देती है।

उन्होंने कहा, “बात केवल 12 साल या रिकॉर्ड की नहीं है, बात यह है कि देश को क्या मिला। आज महंगाई बढ़ रही है, युवाओं का भविष्य खतरे में है, किसान परेशान हैं और मध्यम वर्ग आर्थिक बोझ झेल रहा है। देश को सकारात्मक सोच, लोकतांत्रिक मूल्यों और सबको साथ लेकर चलने की जरूरत है।”