अंबाला/साहा: साहा इंडस्ट्रियल एरिया में बीते रोज हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद हरियाणा सरकार ने त्वरित कदम उठाए हैं। आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाने के लिए डेढ़ दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि इस घटना ने एक बड़ी कमी को भी उजागर कर दिया, क्योंकि इतने बड़े औद्योगिक क्षेत्र में न तो फायर ब्रिगेड की कोई गाड़ी तैनात थी और न ही विभाग का कोई स्थायी कार्यालय मौजूद था।
घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज शुक्रवार को साहा इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे। उन्होंने आग से प्रभावित फैक्ट्री का निरीक्षण किया और नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के बाद अनिल विज ने फायर ब्रिगेड विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना किसी देरी के साहा इंडस्ट्रियल एरिया में फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी स्थायी रूप से तैनात की जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्र में जल्द से जल्द पानी का बोर करवाया जाए, ताकि भविष्य में आगजनी जैसी घटनाओं के दौरान पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके। आगजनी की घटना के बाद प्रशासन भी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुट गया है।
