Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA@दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद अंबाला पुलिस का एक्शन, लाल कुर्ती क्षेत्र के होटलों में चला विशेष चेकिंग अभियान

अंबाला। दिल्ली में हाल ही में हुए होटल अग्निकांड से सबक लेते हुए अंबाला पुलिस ने शुक्रवार को लाल कुर्ती क्षेत्र के होटलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने होटलों में फायर सेफ्टी उपकरणों, इमरजेंसी एग्जिट और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

चेकिंग अभियान के दौरान होटल रिकॉर्ड, आने-जाने वाले लोगों की जानकारी तथा संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा होटलों में संचालित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।

पड़ाव थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में हुए होटल अग्निकांड के बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लाल कुर्ती इलाके के होटलों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान लगभग 20 प्रतिशत होटल ऐसे पाए गए, जहां आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं थे।

उन्होंने कहा कि जिन होटल संचालकों के यहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही होटलों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को लेकर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने होटल संचालकों से सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने और फायर सेफ्टी से जुड़े सभी आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।