सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में युवक की बढ़ी मुश्किलें
पानीपत। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत एक युवक को भारी पड़ गई। पानीपत में एक युवक ने फ्लाईओवर से व्यस्त जीटी रोड पर चल रहे वाहनों के ऊपर नोटों की बरसात कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
फ्लाईओवर से जीटी रोड पर फेंके नोट
जानकारी के अनुसार, बंटी नामक युवक ने वायरल वीडियो बनाने के उद्देश्य से पानीपत फ्लाईओवर पर खड़े होकर नीचे गुजर रहे वाहनों पर नोट फेंके। इसके बाद सड़क पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों का ध्यान अचानक नोटों की ओर गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे का कारण बन सकती थी हरकत
डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि जीटी रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह पैसे फेंकना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। उन्होंने कहा कि नोट उठाने के प्रयास में वाहन चालक या राहगीर दुर्घटना का शिकार हो सकते थे। इसलिए मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जल्द हो सकती है गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
सोशल मीडिया स्टंट पर पुलिस की सख्ती
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे खतरनाक स्टंट करने से बचें। क्योंकि, इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरे में डाल सकती हैं।
