Wednesday, July 29, 2026
नीट पेपर लीक पर राव नरेंद्र सिंह

नीट पेपर लीक से युवाओं का टूटा भरोसा, कांग्रेस हर जिले में करेगी संवाद: राव नरेंद्र सिंह

हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकरण ने देशभर के युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। उनका आरोप है कि नीट परीक्षा का पेपर 20 से 30 लाख रुपये तक में बेचा गया, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में करीब 90 पेपर लीक होने के मामले सामने आ चुके हैं, जो देश के लिए बेहद गंभीर स्थिति है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है, लेकिन आज सबसे अधिक निराशा युवाओं के बीच दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब हर जिले में जाकर युवाओं से संवाद करेगी और उनकी समस्याओं को सुनेगी। राहुल गांधी के कोटा दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी शिक्षा, रोजगार और भर्ती से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हरियाणा सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से किसान परेशान हैं, वहीं डीजल की लिमिट तय किए जाने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

 

यह भी पढ़े: राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का सत्याग्रह, मीनाक्षी नटराजन के नामांकन खारिज होने पर उठाए सवाल

 

 

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों में बाहरी युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि स्थानीय युवाओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं और शिक्षकों के कई पद लंबे समय से खाली पड़े हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जल्द ही प्रदेश की जनरल बॉडी की बैठक बुलाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने हाल के घोटालों और आईएएस अधिकारियों की गिरफ्तारी के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की।