रॉन्ग साइड से मुड़ रही हाइड्रा बनी हादसे की वजह, चालक फरार
अंबाला-सहारनपुर रोड पर बुधवार अल सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामपुर मोड़ के पास जम्मू से सहारनपुर जा रही एक टेंपो ट्रैवलर रॉन्ग साइड से टर्न ले रही हाइड्रा क्रेन से टकरा गई। हादसे में टेंपो ट्रैवलर में सवार छह लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो ट्रैवलर के उड़े परखचे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइड्रा क्रेन अचानक गलत दिशा से मोड़ पर मुड़ी, जिससे सामने से आ रही टेंपो ट्रैवलर को बचने का मौका नहीं मिला। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रैवलर के परखचे उड़ गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बाहर निकालकर पुलिस की मदद से अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह भी पढ़े: राजौंद में सड़क निर्माण में देरी पर भड़के दुकानदार, इनेलो के नेतृत्व में किया प्रदर्शन
हादसे के बाद फरार हुआ हाइड्रा चालक
प्रत्यक्षदर्शी चड्डा ने बताया कि दुर्घटना के लिए पूरी तरह हाइड्रा चालक जिम्मेदार है। उनका आरोप है कि चालक रॉन्ग साइड से आने के बाद अचानक मोड़ पर मुड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद हाइड्रा चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही महेशनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
