Wednesday, July 29, 2026
चैनत जल आंदोलन समर्थन

चैनत जल आंदोलन को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति का समर्थन, 26 जून को गांव पहुंचेगी समिति

हिसार में हुई जिला स्तरीय बैठक, जल संकट और HPSC आंदोलन पर हुई चर्चा

हिसार में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें चैनत गांव में चल रहे जल आंदोलन और पंचकूला में HPSC अभ्यर्थियों के धरने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति के नेताओं ने दोनों आंदोलनों का समर्थन करते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

डेढ़ महीने से स्वच्छ पेयजल की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं ग्रामीण

समिति के नेताओं ने कहा कि चैनत गांव के ग्रामीण पिछले करीब डेढ़ महीने से स्वच्छ पेयजल की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद इसके सरकार समस्या का समाधान करने की बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है।

नेताओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान प्रशासन ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं के साथ सख्ती बरती, जिसकी समिति कड़ी निंदा करती है।

26 जून को बड़ी संख्या में चैनत गांव पहुंचेंगे किसान

बैठक में निर्णय लिया गया कि पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति 26 जून को बड़ी संख्या में चैनत गांव पहुंचकर ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन करेगी। इसके अलावा 27 और 28 जून को गांव और ब्लॉक स्तर पर हरियाणा सरकार के पुतले फूंककर विरोध जताया जाएगा।

यह भी पढ़े: भिवानी की जुई नहर में गिरी मर्सिडीज कार, अंदर नहीं मिला कोई, जांच में जुटी पुलिस

पानी हर नागरिक का मूलभूत अधिकार: समिति

समिति के नेताओं ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूलभूत अधिकार है। सरकार को चाहिए कि वह चैनत गांव सहित सभी प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करे।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया तो इसे पूरे हरियाणा का आंदोलन बनाया जाएगा।

HPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का भी किया समर्थन

बैठक में पंचकूला में HPSC भर्ती प्रक्रिया में 35 प्रतिशत पात्रता मानदंड के विरोध में चल रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन का भी समर्थन किया गया। समिति ने सरकार से मांग की कि अभ्यर्थियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

नेताओं ने कहा कि सरकार को लोगों को आपस में लड़ाने के बजाय समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि सभी वर्गों को पर्याप्त पेयजल और न्याय मिल सके।