Wednesday, July 29, 2026

NEET और पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का ऐलान

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। इस दौरान राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत NEET परीक्षा के बाद अपनी जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई।

राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में देश के युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस आज से 40 दिनों का राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ शुरू कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा और देशभर में छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

राजीव शुक्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विद्यार्थियों के साथ अन्याय कर रही है और भाजपा शासन के दौरान लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी असफल नहीं हो रहे, बल्कि शिक्षा व्यवस्था उन्हें असफल कर रही है। लाखों परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई पर भारी खर्च कर रहे हैं और मानसिक दबाव के चलते कई विद्यार्थी आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं।

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि लंबे समय से यह मांग उठाई जा रही है, लेकिन सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक पर सख्त रोक लगाने और सभी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि संसद के आगामी मानसून सत्र में कांग्रेस इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी।

 

यह भी पढ़े:  ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ बना जन आंदोलन, 20 हजार से ज्यादा युवाओं ने कराया इलाज

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि राहुल गांधी ने कोटा से इस अभियान की शुरुआत की है और यह देश के लाखों युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने बताया कि पंजाब के प्रत्येक जिले में इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और 40 दिनों बाद दिल्ली में इसका समापन होगा, जहां राहुल गांधी युवाओं को संबोधित करेंगे।

राजा वड़िंग ने कहा कि चंडीगढ़ पहुंचे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।

चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लकी ने कहा कि भाजपा 51 वर्ष पुराने आपातकाल की चर्चा कर रही है, लेकिन वर्तमान के ज्वलंत मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है।

वहीं, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में करवाई गई फोरेंसिक जांच ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं