Wednesday, July 29, 2026
हिमाचल मानसून अलर्ट

हिमाचल में मानसून पूरी तरह सक्रिय, 2 और 3 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून इस बार अपने सामान्य समय से करीब पांच दिन की देरी से पहुंचा, लेकिन अब अगले 5 से 7 दिनों तक इसके बेहद सक्रिय रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश होने की संभावना है। विभाग ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए सिरमौर, शिमला, मंडी, कांगड़ा सहित पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

2 और 3 जुलाई को सबसे ज्यादा बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 जुलाई को प्रदेश के कई क्षेत्रों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कांगड़ा जिले के कुछ इलाकों में करीब 10 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

जून में सामान्य से कम हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून महीने में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 22 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। वहीं जुलाई में भी कुल वर्षा सामान्य से थोड़ी कम रहने का अनुमान है। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि औसत वर्षा कम रहने के बावजूद बीच-बीच में भारी बारिश के तीव्र दौर आते रहेंगे।

भूस्खलन और मडस्लाइड का बढ़ा खतरा

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और मडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा मामले पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का बड़ा बयान, बोले- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा

प्रशासन ने लोगों से बरतने को कहा एहतियात

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।