अंबाला। अंबाला छावनी बस अड्डे के बाहर बढ़ते अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए नगर परिषद, जिला परिवहन अधिकारी (DTO) और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बस अड्डे, फ्लाईओवर और सब्जी मंडी के सामने फुटपाथ पर खड़ी रेहड़ी-फड़ी को हटाया गया तथा अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों को भी चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने रेहड़ी-फड़ी संचालकों को फ्लाईओवर के नीचे नगर परिषद द्वारा उपलब्ध कराई गई निर्धारित पक्की जगह पर अपना व्यवसाय करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी ने दोबारा फुटपाथ या सड़क किनारे अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फुटपाथ पर कब्जे से ट्रैफिक हो रहा था प्रभावित
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने बताया कि अंबाला छावनी बस अड्डे के सामने सड़क पर्याप्त चौड़ी होने के बावजूद फुटपाथ पर रेहड़ी-फड़ी लगाए जाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इससे रोजाना जाम की स्थिति बनती थी और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा क्षेत्र में गंदगी की समस्या भी बढ़ रही थी।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने रेहड़ी-फड़ी संचालकों के लिए फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया हुआ है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग नियमों की अनदेखी कर बस अड्डे के सामने अतिक्रमण कर रहे हैं। प्रशासन पहले भी कई बार चेतावनी दे चुका है, लेकिन यदि अब भी नियमों का पालन नहीं किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गलत पार्किंग करने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस और जिला परिवहन विभाग की टीम ने बस अड्डे के बाहर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को भी हटवाया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें।
यह भी पढ़ें: बम धमकियों के बीच अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट, GRP-RPF चला रही सघन चेकिंग अभियान
जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि बस अड्डे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। सड़क किनारे खड़े वाहन ट्रैफिक बाधित करते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि चेतावनी के बावजूद वाहन गलत स्थान पर खड़े मिले तो उनके चालान किए जाएंगे।
अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
