Wednesday, July 29, 2026
भानपुरा महिलाओं पर जानलेवा हमला

भानपुरा में एक ही परिवार के बीच खूनी संघर्ष, महिलाओं पर जानलेवा हमला; पीड़ितों ने पुलिसकर्मी पर लगाए गंभीर आरोप

कलायत (कैथल)। कैथल जिले के कलायत उपमंडल के गांव भानपुरा में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि 30 जून की सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच एक ही परिवार के कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं पर लाठी-डंडों और कसी के बिंडों (हैंडल) से हमला कर दिया। हमले में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें डायल-112 की सहायता से कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित परिवार के अनुसार, बलविंदर, रामचंद्र, मुकेश, शांति और मेवा सिंह ने पुरानी रंजिश के चलते रेखा, सलोनी और अंजलि पर हमला किया। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी बलविंदर स्वयं को हरियाणा पुलिस का कर्मचारी बताता है और इसी प्रभाव के चलते स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही। उनका दावा है कि शिकायत दर्ज कराने के प्रयासों के दौरान आरोपी अपने कथित प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करता रहा।

परिवार ने संबंधित थाना प्रभारी (SHO) पर भी आरोपियों के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें: कुरुक्षेत्र से वीबी जी राम जी योजना की शुरुआत, मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गिनाईं सरकार की ग्रामीण विकास योजनाएं

स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित महिलाएं 1 जुलाई को कैथल के पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन से मिलीं और पूरे मामले की शिकायत दी। पीड़ितों का कहना है कि एसपी ने निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।