Wednesday, July 29, 2026
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन बच्ची का शव

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के पास नाले में मिली 15 महीने की बच्ची की लाश, पहचान कराने में जुटी पुलिस

हरियाणा के अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) कार्यालय के पास बने नाले में गुरुवार सुबह करीब 15 महीने की एक बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को नाले से बाहर निकालकर कब्जे में लिया।

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बच्ची का शव करीब तीन दिन पुराना है। पुलिस के अनुसार बच्ची ने क्रीम रंग की टी-शर्ट और सफेद रंग की लोअर पहन रखी थी। हालांकि, मौके से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान की जा सके।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि इस दौरान परिजन सामने आने पर बच्ची की पहचान हो सके।

जीआरपी और स्थानीय पुलिस आसपास के सभी थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। बच्ची की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।