Wednesday, July 29, 2026
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती अंबाला

अंबाला कैंट में पहली बार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम, अनिल विज ने की तैयारियों की समीक्षा

हरियाणा के अंबाला कैंट में पहली बार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में बीपीएस प्लेनेटोरियम, अंबाला छावनी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मीडिया से बातचीत में अनिल विज ने कहा कि 6 जुलाई को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती है। उन्होंने बताया कि जनसंघ आगे चलकर जनता पार्टी और फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रूप में विकसित हुआ।

अनिल विज ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उस समय “एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो संविधान नहीं चलेंगे” का नारा दिया था। उस दौर में जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्राप्त था और वहां जाने के लिए परमिट लेना अनिवार्य था। उन्होंने बिना परमिट कश्मीर जाने का निर्णय लिया था।

विज ने बताया कि इसी ऐतिहासिक यात्रा के दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक दिन के लिए अंबाला छावनी में भी रुके थे और यहां एक जनसभा को संबोधित किया था। इसी ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष अंबाला कैंट में उनकी जयंती पर राष्ट्रीय स्तर का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और सभी कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। यह आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।