चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद कुमारी सैलजा ने मंगलवार को पार्टी के नए हरियाणा प्रभारी संजय दत्त का स्वागत किया। उन्होंने विश्वास जताया कि संजय दत्त के लंबे संगठनात्मक अनुभव का लाभ प्रदेश कांग्रेस को मिलेगा और पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
पत्रकारों से बातचीत में कुमारी सैलजा ने कहा कि संजय दत्त भले ही हरियाणा के लिए नए हों, लेकिन संगठन में उनका अनुभव काफी व्यापक है। उन्होंने कई राज्यों में प्रभावी ढंग से जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने बताया कि नए प्रभारी जल्द ही प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और उनके सुझावों के आधार पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
मानसून के दौरान गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली-एनसीआर में जलभराव और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारी सैलजा ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर साल बारिश के दौरान यही स्थिति देखने को मिलती है। स्मार्ट सिटी और विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बुनियादी ढांचा लगातार कमजोर नजर आता है।
पंजाब कांग्रेस में चल रही राजनीतिक गतिविधियों पर उन्होंने कहा कि वहां नेताओं के बीच बातचीत जारी है और उन्हें विश्वास है कि सभी नेता पार्टी और जनता के हित में मिलकर समाधान निकालेंगे।
पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकतंत्र में नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं का जुड़ाव स्वाभाविक है। महत्वपूर्ण यह है कि संगठन को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं और सभी नेताओं को संगठन के हित में एकजुट होकर काम करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: अटेली में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने 15 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया
