Wednesday, July 29, 2026
होडल फर्जी RTO ठगी

होडल में फर्जी RTO अधिकारी बनकर गौशाला संचालक से ₹24 हजार की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया केस

होडल (पलवल): हरियाणा के होडल में नेशनल हाईवे-19 पर फर्जी RTO अधिकारी बनकर गौशाला की गाड़ी छोड़ने के नाम पर ₹24 हजार की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली निवासी गौसेवा संचालक की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होडल थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि दिल्ली निवासी डॉ. टी.आर. मित्तल ने शिकायत में बताया है कि वह एक सेवा ट्रस्ट के माध्यम से गौशाला का संचालन करते हैं। उनकी गौशाला की गाड़ी दिल्ली से वृंदावन स्थित बांके बिहारी आश्रम में भंडारे का सामान छोड़कर वापस लौट रही थी। उस समय वाहन खाली था और उसमें केवल एक दूध की कैन रखी हुई थी।

शिकायत के अनुसार, यूपी-हरियाणा कर्मन बॉर्डर के पास कुछ लोगों ने खुद को RTO अधिकारी बताकर वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान यह सामने आया कि वाहन का जून माह का टैक्स जमा नहीं हुआ था, जिसे तुरंत ऑनलाइन जमा करा दिया गया।

इसके बावजूद कथित अधिकारियों ने वाहन के कागजात और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस अपने पास रख लिया तथा वाहन को पार्किंग में खड़ा कर दिया। इसके बाद चालक के मोबाइल से गौशाला संचालक से बात कर वाहन छोड़ने के बदले ₹25 हजार की रिश्वत की मांग की गई।

डॉ. मित्तल ने बताया कि उन्होंने आरोपियों को बताया कि यह गौशाला की सेवा में लगी गाड़ी है, लेकिन उन्होंने कोई राहत नहीं दी और वाहन जब्त करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने एक QR कोड भेजा, जिस पर उन्होंने मजबूरी में ₹24 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने खुद को फर्जी RTO अधिकारी बताकर धोखाधड़ी की और ऑनलाइन पैसे ऐंठ लिए। मामले में होडल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

डीएसपी सुरेश भड़ाना ने बताया कि पुलिस विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।