Wednesday, July 29, 2026
भारत-अमेरिका ट्रेड डील विरोध

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, अंबाला में सौंपेंगे ज्ञापन

अंबाला। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसानों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में सोमवार को अंबाला शहर की अनाज मंडी से विभिन्न किसान संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने उपायुक्त (DC) को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से प्रस्तावित ट्रेड डील को रद्द करने की मांग की।

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के जिला प्रधान अमरीक सिंह ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के हित में नहीं है। उनका आरोप है कि यदि यह समझौता लागू होता है तो हरियाणा सहित देशभर के किसानों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि अमेरिका से आने वाले डेयरी उत्पादों को लेकर भी कई सवाल हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आयातित दूध और डेयरी उत्पाद भारतीय धार्मिक और सामाजिक मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।

किसानों ने जताई आर्थिक नुकसान की आशंका

बीकेयू चढ़ूनी गुट के ब्लॉक उपप्रधान बलजिंदर सिंह ने कहा कि अमेरिका के किसान बड़े स्तर पर उत्पादन करते हैं और भारतीय किसान उनके साथ प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। उनका कहना है कि इससे देश के डेयरी और कृषि क्षेत्र को बड़ा नुकसान हो सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका अपना अतिरिक्त डेयरी उत्पाद भारतीय बाजार में बेचना चाहता है, जिससे स्थानीय किसानों और पशुपालकों की आजीविका प्रभावित होगी।

बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी

किसान नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया और ट्रेड डील को आगे बढ़ाया, तो किसान संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने सरकार से कृषि और डेयरी क्षेत्र के हितों की रक्षा करने की मांग की।