Wednesday, July 29, 2026
कैथल में पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला

कैथल में पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने आरोपी विकास को किया गिरफ्तार

कैथल: मुंदड़ी गांव निवासी युवक पर पुरानी रंजिश के चलते वर्ष 2025 में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए बलराज नगर, कैथल निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि विकास कुमार भी वारदात में शामिल था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मुंदड़ी निवासी प्रदीप ने शिकायत में बताया था कि उसकी कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी और आरोपियों के खिलाफ पहले भी थाना पूंडरी में मामले दर्ज थे। शिकायतकर्ता का आरोप था कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां देते थे। इसी रंजिश के चलते 14 सितंबर की शाम प्रदीप अपने दोस्त पवन के साथ कठवाड़ वाली सड़क से वापस लौट रहा था। इसी दौरान मुर्गी फार्म के पास बिना नंबर की काले शीशे वाली स्कॉर्पियो ने उनका रास्ता रोक लिया।

शिकायत के अनुसार, वाहन से करीब 7-8 युवक नीचे उतरे, जिनके चेहरे ढके हुए थे और उनके हाथों में लाठी-डंडे, गंडासी और रिवॉल्वर जैसे हथियार थे। आरोपियों ने प्रदीप पर कथित तौर पर हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में प्रदीप को उपचार के लिए अंबाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में थाना पूंडरी में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की जांच में आरोपी विकास कुमार की भी इस हमले में संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।