Monday, July 27, 2026
कुरुक्षेत्र नए बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों का धरना

कुरुक्षेत्र नए बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों का हंगामा, टाइमिंग विवाद में मुख्य गेट बंद कर दिया धरना

कुरुक्षेत्र। जिला कुरुक्षेत्र के नए बस स्टैंड पर सोमवार को हरियाणा रोडवेज और प्राइवेट बस चालकों के बीच बसों की टाइमिंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद रोडवेज बस चालकों और कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप बस स्टैंड का मुख्य गेट बंद कर धरना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक गेट बंद रहने के कारण बसों का संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

धरने पर बैठे रोडवेज कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बस स्टैंड पर प्राइवेट बसों को निर्धारित समय दिया जा रहा है, जबकि सरकारी बसों को पर्याप्त टाइमिंग नहीं मिल रही है। कर्मचारियों का कहना था कि टाइमिंग व्यवस्था में असमानता के कारण रोडवेज बसों की सवारियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बसों की टाइमिंग व्यवस्था में सुधार किया जाए और निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

विवाद और धरने की सूचना मिलने के बाद रोडवेज विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे कर्मचारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने कर्मचारियों को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने और बस स्टैंड की टाइमिंग व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद रोडवेज कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और बस स्टैंड का मुख्य गेट खोल दिया। इसके बाद बसों का संचालन दोबारा सामान्य हो गया और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

यह भी पढ़ें: भिवानी में गौ सम्मान अभियान के तहत निकली यात्रा, लघु सचिवालय के बाहर पढ़ी हनुमान चालीसा