गुरुग्राम में पत्नी के शोरूम की कटी बिजली दोबारा चालू कराने के लिए खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का SP बताकर गुरुग्राम पुलिस पर रौब झाड़ना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। मामला 25 जुलाई 2026 का है। पुलिस के अनुसार, थाना डीएलएफ सेक्टर-29 के SHO के सरकारी मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का SP चंदन सिंह बताते हुए मेगा मॉल स्थित एक शोरूम की बिजली तुरंत चालू कराने का दबाव बनाया। कॉल के दौरान आरोपी ने पुलिस पर प्रभाव डालने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का भी हवाला दिया। SHO को कॉल करने वाले के व्यवहार और बातचीत पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस टीम को मेगा मॉल भेजकर मामले की जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि फोन करने वाला कोई पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली के नेब सराय निवासी 51 वर्षीय करण कुमार सकूजा है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसकी पत्नी का मेगा मॉल में शोरूम है और बिजली कटने के बाद उसे दोबारा चालू कराने के लिए उसने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का SP बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के अनुसार, सरकारी पद और पहचान का कथित तौर पर दुरुपयोग कर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में आरोपी के खिलाफ थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया कि फर्जी सरकारी पहचान बनाकर कानून और प्रशासन को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: अंबाला में 31 जुलाई से शुरू होगा 54वां कांवड़ सेवा शिविर, कांवड़ियों के लिए 24 घंटे रहेंगी सुविधाएं
