Monday, July 27, 2026
अंबाला में लीगल एंड डिफेंस काउंसल सिस्टम का विरोध

अंबाला में लीगल एंड डिफेंस काउंसल सिस्टम के विरोध में वकीलों का वर्क सस्पेंड, 6 अधिवक्ता भूख हड़ताल पर बैठे

अंबाला में लीगल एंड डिफेंस काउंसल सिस्टम के विरोध में जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने वर्क सस्पेंड कर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के तहत छह अधिवक्ता सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठे और सरकार से इस व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की। अंबाला कोर्ट परिसर में प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का कहना है कि लीगल एंड डिफेंस काउंसल सिस्टम लागू होने से नए वकीलों के लिए प्रैक्टिस के अवसर कम हो सकते हैं, जिससे युवा अधिवक्ताओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उनका यह भी कहना है कि इस व्यवस्था से आम लोगों के पास अपनी पसंद का वकील चुनने का विकल्प सीमित हो सकता है। अधिवक्ताओं के मुताबिक, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के वकील पिछले कई दिनों से इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। वकीलों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि विरोध के दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूरी बनाए रखेंगे।

 

यह भी पढ़ें: अंबाला में गो सम्मान आवाहन अभियान, गो सेवकों ने गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की उठाई मांग