Saturday, August 8, 2026
हर घर तिरंगा अभियान हरियाणा

हरियाणा में 9 अगस्त से हर घर तिरंगा अभियान शुरू, शाहपुर में बनेगा आधुनिक ड्राइविंग स्कूल

अंबाला। भारतीय जनता पार्टी 9 अगस्त से हरियाणा के हर गांव, शहर और वार्ड स्तर तक हर घर तिरंगा अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जाता है।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से पहले हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि अधिक से अधिक लोग राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ सकें।

नर्सिंग स्टाफ को मिला नया पदनाम

अनिल विज ने बताया कि लेबर विभाग के नर्सिंग कैडर में स्टाफ नर्स का पदनाम बदलकर अब नर्सिंग ऑफिसर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब वह स्वास्थ्य मंत्री थे, तब भी वरिष्ठता के आधार पर स्टाफ नर्सों को नर्सिंग ऑफिसर का दर्जा दिया गया था और अब वही व्यवस्था लेबर विभाग में भी लागू की गई है।

केजरीवाल पर विज का तंज

अरविंद केजरीवाल द्वारा E-20 पेट्रोल के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि केजरीवाल हर चीज का विरोध करते हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “केजरीवाल जी तो हवा और पानी का भी विरोध कर देते हैं, अब यह उनकी आदत बन गई है।”

शाहपुर में बनेगा आधुनिक कार ड्राइविंग स्कूल

अनिल विज ने बताया कि अंबाला के शाहपुर के पास 13 एकड़ भूमि पर आधुनिक कार ड्राइविंग स्कूल स्थापित किया जाएगा। इसके लिए एमओयू भी हो चुका है।

उन्होंने कहा कि इस संस्थान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। प्रशिक्षण लेने वाले लोगों के लिए हॉस्टल, मैस और योगा हॉल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

विज के अनुसार हर साल करीब 2,000 नए ड्राइविंग लाइसेंस जारी होंगे, जबकि लगभग 20,000 लाइसेंस का नवीनीकरण भी इसी केंद्र के माध्यम से किया जाएगा।

अभियान और प्रशिक्षण पर सरकार का फोकस

हर घर तिरंगा अभियान और शाहपुर ड्राइविंग स्कूल परियोजना को सरकार राष्ट्रीय जागरूकता और कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।