कुरुक्षेत्र। हरियाणा की कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KU) में जननायक जनता पार्टी (जजपा) की युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने लोक प्रशासन विभाग (Department of Public Administration) में MA (PG फर्स्ट ईयर) में दाखिला लिया है। इस एडमिशन के साथ चौटाला परिवार का कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से जुड़ा पुराना रिश्ता एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
खास बात यह है कि दिग्विजय ने उसी विभाग को अपनी आगे की पढ़ाई के लिए चुना है, जहां से उनके पिता डॉ. अजय सिंह चौटाला ने वर्ष 2010 में PhD की डिग्री प्राप्त की थी।
16 साल बाद फिर उसी विभाग में चौटाला परिवार की मौजूदगी
दिग्विजय चौटाला ने करीब 10 दिन पहले ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी की थी। अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वे जल्द ही नियमित कक्षाओं में शामिल होंगे।
उन्होंने पिछले वर्ष गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से बीए की डिग्री प्राप्त की थी और अब कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में MA की पढ़ाई करेंगे।
रजिस्ट्रार ने प्रवेश की पुष्टि की
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. वीरेंद्र पाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि दिग्विजय चौटाला का लोक प्रशासन विभाग में PG फर्स्ट ईयर में प्रवेश हो चुका है और उनकी प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह संपन्न हो गई है।
पिता अजय चौटाला का भी रहा है KU से गहरा नाता
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने वर्ष 1981 में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा जारी रखते हुए लोक प्रशासन विभाग से PhD की उपाधि प्राप्त की।
अब बेटे दिग्विजय चौटाला के उसी विभाग में दाखिला लेने से यूनिवर्सिटी में इस संबंध को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
अप्रैल में भी KU विवाद को लेकर चर्चा में थे दिग्विजय
दिग्विजय चौटाला का नाम इसी वर्ष अप्रैल में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में हुए एक विवाद के कारण भी सुर्खियों में आया था।
17 अप्रैल को यूनिवर्सिटी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर (CSO) आनंद कुमार की शिकायत पर थाना केयूके पुलिस ने दिग्विजय चौटाला सहित जजपा के 8 अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
यूनिवर्सिटी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप
यह मामला 7 अप्रैल को डॉ. राधाकृष्ण सदन में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा था। यूनिवर्सिटी प्रशासन का आरोप था कि सामाजिक कार्यक्रम की अनुमति लेकर राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचा और कुर्सियां टूट गईं।
हालांकि, जजपा की ओर से नुकसान की भरपाई करने की बात कही गई थी।
मनोहर लाल भी रहे हैं KU के छात्र
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में पहले भी कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां अध्ययन कर चुकी हैं। वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जापानी संस्कृति एवं भाषा के तीन महीने के बेसिक सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला लिया था। उन्हें रोल नंबर-1 आवंटित किया गया था।
दिग्विजय चौटाला का यह दाखिला राजनीतिक और शैक्षणिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
