यमुनानगर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 6200 प्रतिबंधित दवाइयां और 30 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जगाधरी बस स्टैंड के पास 6200 प्रतिबंधित दवाइयां बरामद
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल की टीम को जगाधरी बस स्टैंड के पास एक युवक के प्रतिबंधित दवाइयों की खेप लेकर घूमने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए रामनगर निवासी अजय को गिरफ्तार किया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से सपास प्लस ट्रामाडोल कैप्सूल की 1000, क्लैपिडोल ट्रामाडोल टैबलेट की 1000 और अल्ट्रोक्स अल्प्राजोलम टैबलेट की 4200 बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक कुल 6200 प्रतिबंधित दवाइयां बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं।
रिमांड में खुलेगा प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई का राज
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां वह कहां से लेकर आया था और इनकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।
कार सवार दो युवकों से 30 ग्राम हेरोइन बरामद
वहीं, दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कलानौर बॉर्डर के पास एक कार सवार दो युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
आरोपियों की पहचान रामपुरा कॉलोनी निवासी कपिल कुमार और तेजली निवासी रविंद्र के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को रिमांड मिला।
नशे के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस का फोकस अब सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर भी है।
यमुनानगर पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
