अंबाला कैंट के शिया वाटिका मैरिज पैलेस पर नगर परिषद का एक्शन, अवैध निर्माण को लेकर FIR
अंबाला। अंबाला कैंट में शिया वाटिका मैरिज पैलेस को लेकर नगर परिषद ने कार्रवाई की है। नगर परिषद के अनुसार, मैरिज पैलेस में स्वीकृत नक्शे के बिना निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत मिली थी। परिषद का आरोप है कि निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए जाने के बावजूद काम जारी रखा गया। इसके बाद नगर परिषद की ओर से मामला पुलिस को भेजा गया, जिस पर अंबाला कैंट सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पहले भी की गई थी कार्रवाई
नगर परिषद के EO देवेंद्र नरवाल के अनुसार, शिया वाटिका में निर्माण कार्य को लेकर पहले भी कार्रवाई की गई थी। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण पाए जाने पर भवन को डी-सील किया गया था। इसके बाद संपत्ति के मालिक की ओर से मामले को लेकर नगर निगम कमिश्नर के समक्ष अपील की गई।
EO के मुताबिक, मालिक को सात दिन के भीतर अपना नक्शा जमा करवाने और करीब तीन लाख रुपये की सिक्योरिटी जमा करवाकर नक्शे की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही स्पष्ट रूप से कहा गया था कि जब तक निर्माण की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक मौके पर किसी तरह का निर्माण कार्य न किया जाए।
नोटिस के बावजूद निर्माण जारी रखने का आरोप
नगर परिषद को सूचना मिली कि निर्देशों के बावजूद शिया वाटिका में निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके बाद बिल्डिंग ब्रांच की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
नगर परिषद EO के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान मौके पर निर्माण कार्य चलता हुआ पाया गया। इसके बाद नगर परिषद ने मामले की रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए अंबाला कैंट सदर थाना पुलिस को भेज दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अंबाला कैंट सदर थाना पुलिस ने नगर परिषद की शिकायत के आधार पर शिया वाटिका मैरिज पैलेस के खिलाफ कथित नाजायज निर्माण को लेकर मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, नगर परिषद से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेज लिए जा रहे हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद ने दी सख्ती की चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह सवाल सामने आया है कि क्या बिना स्वीकृत नक्शे या निर्धारित अनुमति के निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ नगर परिषद इसी तरह सख्ती जारी रखेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
