यमुनानगर। हरियाणा-हिमाचल सीमा के पास यमुना नदी में बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास के दौरान सेना की मोटर बोट नदी के कथित डेंजर जोन की तरफ चली गई और तेज बहाव के बीच पलटकर डूब गई। हादसे के बाद बोट में सवार चार जवान नदी में फंस गए।
जानकारी के मुताबिक, तीन जवान करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि एक जवान यमुना के तेज बहाव में लापता हो गया। जवान की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
डेंजर जोन की तरफ गई बोट और फिर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सेना के जवान बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस कर रहे थे। इसी दौरान मोटर बोट नदी के ऐसे हिस्से की तरफ चली गई, जहां पानी का बहाव काफी तेज था।
इसके बाद बोट नदी में डूब गई और उसमें सवार चार जवान पानी में फंस गए। तीन जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए करीब 600 मीटर तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की।
वहीं एक जवान का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
हरियाणा और यूपी पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन की ओर से NDRF टीम को भी बुलाया गया।
रेस्क्यू टीमों ने नदी में लापता जवान की तलाश शुरू कर दी। लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद सेना की डूबी हुई मोटर बोट को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया है।
लापता जवान की तलाश जारी
मोटर बोट को बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन लापता जवान का अभी तक पता नहीं चल पाया है। नदी के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों की ओर से लगातार तलाश की जा रही है।
देर शाम तक सेना की ओर से हादसे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भी मामले को देश की सुरक्षा से जुड़ा बताते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया।
फिलहाल लापता जवान की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
