Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA: मानसून से पहले अंबाला प्रशासन अलर्ट, बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मॉकड्रिल

एनडीआरएफ, आर्मी, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने किया संयुक्त रेस्क्यू अभ्यास

अंबाला। मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ जैसी आपदा से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में वीरवार को अंबाला में व्यापक स्तर पर मॉकड्रिल आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, आर्मी तथा एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

मॉकड्रिल के दौरान प्रशासन द्वारा बाढ़ की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान नावों और अन्य आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने और आपात चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रदर्शन किया।

इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा गया। अधिकारियों ने राहत कार्यों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और संसाधनों की भी समीक्षा की।

मौके पर मौजूद Kanika Goyal ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को मजबूत करना और लोगों को आपदा के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी और प्रभावी ढंग से किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।