Wednesday, July 29, 2026
अंबाला अमृत भारत स्टेशन

अंबाला रेल मंडल के 4 अमृत भारत स्टेशनों का जल्द हो सकता है वर्चुअल उद्घाटन, DRM ने किया निरीक्षण

अंबाला: भारतीय रेलवे के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अंबाला रेल मंडल में रेलवे स्टेशनों का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनोद कुमार भाटिया ने अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन स्टेशनों का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

डीआरएम विनोद कुमार भाटिया ने बताया कि अंबाला रेल मंडल में कुल 15 अमृत भारत स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से सहारनपुर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि अब मोहाली, अंदौरा, आनंदपुर साहिब और कालका रेलवे स्टेशन पर भी तेजी से आधुनिकीकरण का कार्य चल रहा है। इन स्टेशनों पर लगभग 22 से 30 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, 17 जुलाई को हरियाणा के जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान इन चार रेलवे स्टेशनों का भी वर्चुअल उद्घाटन होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

डीआरएम ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन उपलब्ध कराना है। स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएं, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छता, सुगम आवागमन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करना है, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी की जा सकें।