Wednesday, July 29, 2026
अंबाला बोरवेल हादसा

अंबाला बोरवेल हादसा: 4 वर्षीय निरवैर की मौत के बाद परिवार सदमे में, तीन के खिलाफ केस

अंबाला: अंबाला जिले के धनोरा गांव में खुले बोरवेल में गिरने से 4 वर्षीय मासूम निरवैर की दर्दनाक मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कभी बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब केवल सिसकियां और आंसुओं का माहौल है। परिजन अपने लाडले को याद कर बार-बार भावुक हो रहे हैं और इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि निरवैर पूरे परिवार की खुशियों का केंद्र था। वह आंगन में खेलता, शरारतें करता और अपनी मासूम मुस्कान से सभी का दिल जीत लेता था। लेकिन कुछ लोगों की कथित लापरवाही ने महज चार साल की उम्र में उसकी जिंदगी छीन ली। परिवार का कहना है कि भविष्य में किसी और मासूम के साथ ऐसी घटना न हो, इसके लिए खुले बोरवेल छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानून और कठोर कार्रवाई जरूरी है।

इस मामले में पूर्व विधायक राजबीर बराड़ ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उधर, अंबाला पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों की शिकायत पर खेत मालिक और दो ठेकेदारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत में पुराना बोरवेल खुला छोड़ा गया था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें: भानपुरा में एक ही परिवार के बीच खूनी संघर्ष, महिलाओं पर जानलेवा हमला; पीड़ितों ने पुलिसकर्मी पर लगाए गंभीर आरोप

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।