Saturday, September 12, 2026
Ambala Borewell Tragedy

Ambala Borewell Tragedy: 21 घंटे बाद बोरवेल से निकला मासूम, नहीं बच सकी जान

अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले के गांव धनोरा में बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय मासूम निरवैर को करीब 21 घंटे लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मंगलवार देर रात लगभग 3:30 बजे बाहर निकाल लिया गया। बच्चे को तुरंत अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. ऋषिपाल ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल मासूम के शव को अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

21 घंटे तक चला राहत एवं बचाव अभियान

मासूम को बचाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, अन्य रेस्क्यू एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने लगातार प्रयास किए। देर रात पंजाब से आई विशेष रेस्क्यू टीम की मदद से बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

परिजनों ने जताया दुख, लापरवाही पर कार्रवाई की मांग

मृतक बच्चे के चाचा हरिंदर सिंह ने बताया कि पिछले 21 घंटों के दौरान प्रशासन, एनडीआरएफ और आसपास के गांवों के लोगों ने पूरी कोशिश की और कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग मदद के लिए गांव पहुंचे।

हालांकि उन्होंने खुले बोरवेल को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि बोरवेल को सुरक्षित तरीके से बंद किया गया होता, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

यह भी पढ़ें: Hisar Roadways Strike: 46वें दिन भी जारी रहा कर्मचारियों का धरना, 8 जुलाई तक मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

पोस्टमार्टम के बाद सौंपा जाएगा शव

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मासूम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि बोरवेल खुला क्यों छोड़ा गया था।