अंबाला। अंबाला शहर बस स्टैंड पर लावारिस बैग मिलने की सूचना से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह पुलिस द्वारा आयोजित एक मॉक ड्रिल का हिस्सा था।
जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड परिसर में एक संदिग्ध लावारिस बैग मिलने की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बैग को लोगों से दूर एक सुरक्षित और खाली स्थान पर ले जाया गया।
इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने पूरी सावधानी के साथ बैग की जांच की। जांच के दौरान बैग को खोला गया और यह सामने आया कि यह पूरी कार्रवाई पुलिस की मॉक ड्रिल का हिस्सा थी। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों और सुरक्षा एजेंसियों की आपात परिस्थितियों में प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय का परीक्षण करना था।
थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि पुलिस समय-समय पर इस प्रकार की मॉक ड्रिल आयोजित करती रहती है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या सुरक्षा संबंधी खतरे की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़े: पानीपत में दर्दनाक हादसा: 500 किलो धागे के बंडल के नीचे दबने से दो बच्चियों की मौत
उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यासों से पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जाता है, जिससे किसी भी आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें और स्वयं उस वस्तु को छूने का प्रयास न करें।
