अंबाला छावनी बस अड्डे पर भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। घटना 10 नवंबर की बताई जा रही है। मेरठ निवासी रेनू त्यागी अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के बद्दी जाने के लिए अंबाला पहुंची थीं। शिकायत मिलने के बाद लाल कुर्ती पुलिस चौकी ने बस अड्डे की CCTV फुटेज खंगाली और संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की चेन बरामद करने के साथ ई-रिक्शा भी कब्जे में लिया है।
बस में चढ़ते समय महिला को बार-बार मारा धक्का
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को मेरठ निवासी रेनू त्यागी अपने परिवार के साथ बद्दी जाने के लिए अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वहां से वे बस पकड़ने के लिए अंबाला छावनी बस अड्डे पर गईं। आरोप है कि बस में चढ़ने के दौरान एक युवक भीड़ का फायदा उठाकर उन्हें बार-बार धक्का देने लगा। महिला ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
गले से चेन गायब मिली तो पुलिस को दी शिकायत
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद युवक वहां से चला गया। इसके बाद रेनू त्यागी ने अपने गले में सोने की चेन गायब देखी तो उन्हें चोरी का शक हुआ। उन्होंने तुरंत लाल कुर्ती पुलिस चौकी में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
लाल कुर्ती पुलिस चौकी के इंचार्ज राजेंद्र कुमार के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बस अड्डे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक की पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक, युवक वारदात के बाद ई-रिक्शा से वापस जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तलाश और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
सोने की चेन और ई-रिक्शा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला की सोने की चेन बरामद कर ली है और ई-रिक्शा को भी कब्जे में लिया है। चौकी इंचार्ज राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी से आगे पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है।
