अंबाला छावनी: अंबाला छावनी की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक बुजुर्ग के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर राष्ट्रीय परशुराम सेना (ब्रह्मवाहिनी) ने सामाजिक संगठनों और सर्वधर्म समाज के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। बैठक में 11 सदस्यीय कमेटी के गठन का भी निर्णय लिया गया, जो मामले की निगरानी करेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेगी।
बैठक में राष्ट्रीय परशुराम सेना (ब्रह्मवाहिनी) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष जंगशेर शर्मा ने आरोप लगाया कि संबंधित महिला लंबे समय से लोगों को प्रताड़ित करती रही है और पीड़ित बुजुर्ग के परिवार को भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी महिला पर कई लोगों को परेशान करने के आरोप लग चुके हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बैठक में मौजूद भरत नामक व्यक्ति ने भी दावा किया कि वह पहले इसी महिला के कारण प्रताड़ना का शिकार हो चुका है। उनका आरोप है कि महिला ने उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया था, जिसके चलते उनकी नौकरी चली गई। उन्होंने कुछ अन्य लोगों और सोशल मीडिया से जुड़े व्यक्तियों पर भी महिला का समर्थन करने के आरोप लगाए।
वहीं बैठक में शामिल पार्षद हीरा लाल ने कहा कि किसी भी बुजुर्ग के साथ हिंसा की घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी पशु के साथ घटना होती है तो उसके पीछे की परिस्थितियों को भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए कहा कि डॉग बाइट के शिकार लोगों की मदद के लिए भी आगे आना चाहिए।
इधर पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर संबंधित महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चौकी प्रभारी के अनुसार वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है और नगर परिषद को बेसहारा पशुओं के प्रबंधन के लिए पत्र लिखा जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
