Wednesday, July 29, 2026
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन चेकिंग अभियान

बम धमकियों के बीच अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट, GRP-RPF चला रही सघन चेकिंग अभियान

अंबाला। उत्तर भारत के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शामिल अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पिछले कुछ समय से रेलवे स्टेशनों और रेल ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बाद जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) संयुक्त रूप से लगातार विशेष चेकिंग अभियान चला रही हैं।

रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

चेकिंग अभियान के दौरान यात्रियों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रेलवे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि स्टेशन परिसर या ट्रेन में कोई लावारिस बैग, संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत GRP, RPF या रेलवे अधिकारियों को दें। किसी भी संदिग्ध वस्तु को स्वयं छूने या हटाने का प्रयास न करें।

डॉग स्क्वायड और अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात

जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर नियमित रूप से सुरक्षा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब भी रेलवे स्टेशन या रेल ट्रैक को उड़ाने संबंधी ईमेल या अन्य माध्यम से धमकी मिलती है, तो सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी जाती है।

यह भी पढ़ें:    हिमाचल में मानसून पूरी तरह सक्रिय, 2 और 3 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

ऐसी परिस्थितियों में डॉग स्क्वायड, बम निरोधक टीम और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मदद से स्टेशन परिसर, ट्रेनों और रेलवे ट्रैक की व्यापक जांच की जाती है।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

रेलवे पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्टेशन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।