अंबाला। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ CIA GRP को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने प्लेटफार्म नंबर छह से एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 1 किलो 124 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी बद्री प्रसाद के रूप में हुई है।
प्लेटफार्म पर बैग लेकर खड़ा था आरोपी
CIA GRP इंस्पेक्टर शाम सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर छह-सात के पास एक व्यक्ति बैग में अफीम लेकर खड़ा है और पंजाब जाने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही CIA GRP की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। इसके बाद नियमानुसार उसके बैग की तलाशी ली गई। बैग से 1 किलो 124 ग्राम अफीम बरामद होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जीरकपुर में होनी थी अफीम की सप्लाई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह राजस्थान से अफीम लेकर आया था और इसे पंजाब के जीरकपुर में सप्लाई करने जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर पंजाब में उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर यह खेप लेने वाला था।
हरियाणा-पंजाब में सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर लंबे समय से अफीम की तस्करी से जुड़ा हुआ है। वह राजस्थान से अफीम लाकर हरियाणा और पंजाब में सप्लाई करता था।
अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि अफीम की खेप कहां से लाई जाती थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
CIA GRP ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इससे पहले कितनी बार नशीले पदार्थों की खेप हरियाणा और पंजाब तक पहुंचा चुका है।
CIA GRP की इस कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन के रास्ते नशे की तस्करी करने वाले आरोपियों पर पुलिस की निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है।
