अंबाला। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नगर परिषद अंबाला ने बड़ा कदम उठाया है। नगर परिषद ने शहर के करीब 100 महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार की है। इस परियोजना पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसका विस्तृत प्रस्ताव सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने बताया कि हाल के समय में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई आपराधिक घटनाओं से सबक लेते हुए शहर में आधुनिक निगरानी व्यवस्था विकसित करने का निर्णय लिया गया है। कई मामलों में अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं, जिससे पुलिस को जांच में कठिनाई होती है। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना में ट्रैफिक पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा। शहर के उन स्थानों को प्राथमिकता दी गई है जहां यातायात अधिक रहता है या सुरक्षा की दृष्टि से निगरानी आवश्यक है। इन कैमरों की निगरानी के लिए एक आधुनिक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जहां से पूरे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: अंबाला में बारिश का इंतजार, धान की रोपाई पर असर; किसान और मजदूर दोनों परेशान
देवेंद्र नरवाल ने कहा कि शहर में लगभग 100 स्थानों का चयन किया जा चुका है। सरकार से स्वीकृति मिलते ही कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस परियोजना के लागू होने से अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और आम नागरिकों की सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।
नगर परिषद का मानना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से शहर में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा और नागरिकों को अधिक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।
