अंबाला शहर स्थित एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। थोड़ी सी बारिश होने पर भी मार्केट में पानी भर जाता है, जिससे दुकानों में पानी घुसने के कारण व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। हालांकि इस बार नगर निगम ने मानसून से पहले ही इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कपड़ा मार्केट को जलमग्न होने से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर नालों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। साथ ही नालों पर हुए अवैध अतिक्रमण को भी हटाया जा रहा है, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके।
नगर निगम अधिकारी कमल गुलाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि नालों में लंबे समय से भारी मात्रा में गंदगी जमा होने के कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती थी और मार्केट में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती थी। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए निगम ने समय रहते नालों की सफाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: पलवल में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 80% पूरा, एसडीएम बेलिना ने बीएलए-2 से मांगे सुझाव
उन्होंने बताया कि नालों के ऊपर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाकर पानी की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। निगम का उद्देश्य है कि आगामी मानसून सीजन में व्यापारियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके और उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।
कपड़ा व्यापारियों को भी उम्मीद है कि नगर निगम की यह पहल इस बार बारिश के दौरान राहत प्रदान करेगी और मार्केट में जलभराव की पुरानी समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।
