अंबाला। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के बैनर तले सोमवार को प्रदेशभर से बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी अंबाला पहुंचे और ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव किया। कर्मचारियों ने सरकार और बिजली निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपते आ रहे हैं। कई बार बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को अल्टीमेटम भी दिया गया, लेकिन अब तक उनकी किसी भी प्रमुख मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया।
सरकार पर अनदेखी का आरोप
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार आंदोलन करने और वार्ता के बावजूद सरकार और विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: दो महीने से बिजली-पानी संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया, अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला रास्ता
12 जुलाई को मुख्यमंत्री आवास घेरने का ऐलान
यूनियन ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं तो 12 जुलाई को हरियाणा के विभिन्न जिलों से हजारों बिजली कर्मचारी चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव करेंगे।
कर्मचारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
