Wednesday, June 10, 2026

UJJWAL DISHA: हीट वेव की चपेट में अंबाला, तापमान 41 डिग्री के पार; डॉक्टरों ने जारी की एडवाइजरी

अंबाला। उत्तर भारत में एक बार फिर हीट वेव का असर बढ़ने लगा है। अंबाला में भी भीषण गर्मी के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जिले का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाजारों में भीड़ कम हो गई है, जबकि लोग गर्मी से राहत पाने के लिए जूस, शीतल पेय और अन्य तरल पदार्थों का सहारा लेते नजर आए।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट के मेडिकल ऑफिसर डॉ. जतिंदर वर्मा ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि अत्यधिक गर्मी और लू से बचने के लिए अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। यदि किसी आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो पूरे शरीर को ढककर निकलें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें। उन्होंने गहरे रंग के कपड़े पहनने से बचने की सलाह भी दी।

उन्होंने लोगों को अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह देते हुए कहा कि नींबू पानी, ओआरएस का घोल, शरबत और पतली छाछ का सेवन शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। साथ ही बाहर का भोजन खाने से बचने और स्वच्छ पेय पदार्थों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

वहीं भीषण गर्मी का असर कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। शहर के दुकानदारों का कहना है कि तेज गर्मी के कारण लोग घरों से कम निकल रहे हैं, जिससे बाजारों में ग्राहकों की संख्या घट गई है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम में कुछ राहत मिली थी, लेकिन पिछले दो दिनों से गर्मी फिर बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि तेज धूप और उमस के कारण दैनिक कार्य करना भी मुश्किल हो रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग जूस, ठंडे पेय पदार्थ और अन्य तरल खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का प्रकोप जारी रह सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है, ताकि हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।