Wednesday, July 29, 2026
अंबाला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अंबाला में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री विपुल गोयल, लोगों को दिया स्वास्थ्य का संदेश

अंबाला। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को अंबाला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा सरकार के मंत्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया तथा लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विपुल गोयल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक जीवन में शामिल करना बेहद जरूरी है।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विपुल गोयल ने नीट परीक्षा को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दोबारा आयोजित की जा रही नीट परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

 

 

यह भी पढ़ें: नारनौल में बारिश के चलते सभागार में मनाया गया जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

 

वहीं, प्रदेश में अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार ऐसी कॉलोनियों को नियमों के तहत मान्यता देने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रॉपर्टी को खरीदने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों को केवल वैध और अधिकृत कॉलोनियों में ही संपत्ति खरीदनी चाहिए, जिससे उनके निवेश और भविष्य दोनों सुरक्षित रह सकें।