सावन माह की शुरुआत के साथ ही हरिद्वार और गंगोत्री से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगेगी। शिव भक्त कांवड़ यात्रा के दौरान पैदल गंगाजल लेकर अपने शहरों की ओर रवाना होते हैं और शिवलिंग पर जल अर्पित कर अपनी यात्रा पूरी करते हैं। इसी को लेकर अंबाला में भी कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री शिव कांवड़ सेवा संघ की ओर से इस बार 54वां कांवड़ सेवा शिविर लगाया जाएगा, जो 31 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा।
श्री शिव कांवड़ सेवा संघ के प्रधान सुभाष गोयल ने बताया कि शिविर में कांवड़ियों के ठहरने, भोजन और नहाने-धोने की पूरी व्यवस्था की जाएगी। जरूरतमंद कांवड़ियों को मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि शिविर दिन-रात 24 घंटे संचालित होगा और सेवादार अलग-अलग समय पर अपनी ड्यूटी निभाकर कांवड़ियों की सेवा करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से भी सहयोग किया जाएगा।
सुभाष गोयल ने कांवड़ियों से अपील की कि वे शिविर में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी तरह की सहायता की जरूरत होने पर सेवा शिविर के सेवादारों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना उनके संगठन के लिए श्रद्धा और सेवा का विषय है और शिविर में आने वाले सभी कांवड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
